Edition

[gtranslate]
Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

अब आर या पार, लड़ने को मजदूर पूरी तरह से तैयार, बोकारो में मजदूर महासम्मेलन में मजदूरों ने दिखाई अपनी एकता और चिन्ता

बोकारो। अपने खून पसीने से सेल के कारखाने को सींचनेवाले और सेल को मुनाफा दिलानेवाले मजदूर अब आर या पार की लड़ाई के लिए कमर कस कर तैयार हैं। यहां सेक्टर दो कलाकेंद्र में आयोजित मजदूर महा सम्मेलन में मजदूरों ने श्रमिक संघ के एक प्लंटफॉर्म पर जुटे नेताओं को अपना मूड बता दिया है कि वे अब आर या पार के लिए तैयार हैं। केवल सिंगनल मिलने की देर है। मजदूर अपने हिस्से का रोल अदाकर मैनेजमेंट को बता देंगे कि उनकी अनदेखी कर जबरन मजदूरों का शोषण और अहित करने का नतीजा काफी भयावह होता है। मजदूर महासम्मेलन का आयोजन बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन इंटक, बोकारो इस्पात कामगार यूनियन एटक, इस्पात मजदूर मोर्चा सीटू , क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ एचएमएस , बोकारो कर्मचारी पंचायत एचएमएस तथा ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा ने संयुक्त तौर से किया था। इस महासम्मेलन में लंबित वेतन समझौता को अविलंब संपन्न कराने, 39 माह का एरियर भुगतान कराने, 40 फीसदी ठेका मजदूरों की छंटनी, बोकारो स्टील प्लांट में आउटसोर्सिंग, प्लांट में बढ़ती दुर्घटनाओं, केंद्र सरकार की मोनेटाइजेशन पाइपलाइन नीति के तहत बीएसएल की परती जमीन को निजी पूंजीपतियों के हाथ बेचने, मजदूर विरोधी लेबर कोड तथा सेल बोकारो स्टील प्रबंधन की मजदूर विरोधी नीति पर रोक लगाने पर चर्चा की गयी और मजदूर विरोधी आचरण पर रोक लगाने की मांग की गयी।
महासम्मेलन में सेल प्रबंधन द्वारा जारी किए गए वर्ष 2025-26 की वित्तीय रिपोर्ट की भी चर्चा की गयी। ं बताया गया है कि सेल की वित्तीय स्थिति काफी मजबूत हुई है। पिछले वर्ष 2024-25 में सेल का कुल शुद्ध मुनाफा 2148 करोड़ हुआ था। 2025-26 में सेल का शुद्ध मुनाफा 3233 करोड़ रुपया हुआ है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 1025 करोड़ रुपया ज्यादा है। इतना ही नहीं 2025-26 में सेल ने कुल 8148 करोड़ रुपया का बैंक कर्ज भी चुकता किया है। समझा जा सकता है कि सेल ने अपना प्रर्दशन कर मुनाफा कमाया है। 2025-26 में सेल का अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन रहा है। पिछले वर्ष की तुलना में 2025-26 में स्टील बिक्री के 11.4 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि हुई है। इतनी बड़ी उपलब्धि मजदूरों का शत प्रतिशत परफॉर्मेंस से संभव हुआ है मजदूरों ने जी जान की मेहनत कर उत्पादन उत्पादकता बढ़ाया है। लेकिन दुर्भाग्य यह कि सेल के बेहतर प्रदर्शन से ंमजदूरों की उम्मीद थी कि वर्षों से लंबित वेतन समझौता संपन्न होगा, वेतन फिटमेंट का लाभ मिलेगा, 39 माह का एरियर भुगतान होगा, इंसेंटिव रिवॉर्ड में बढ़ोतरी होगी, चिकित्सा सुविधा बेहतर होगी, ठेका मजदूरों को भी मकान भाड़ा भत्ता, रात्रि पाली भत्ता, ग्रेच्युटी का भुगतान आदि सुविधा मिलेगी। लेकिन हो क्या रहा है ठीक इसकी उलट। सेल को इतनी अच्छी स्थिति में लाने वाले मजदूरों को नौकरी से हटाने की प्लांनिंग चल रही है। भारत सरकार के इस्पात सचिव ने कॉस्ट कंट्रोल के नाम पर 40 प्रतिशत मैन पॉवर को कम करने का फरमान जारी कर दिया है। योजना यह है कि बीएसएल के परमानेंट मजदूर या कर्मचारी हो या ठेका मजदूर हो, 40 प्रतिशत को काम से हटा दिया जायेगा। मजदूरांे को डर है कि अभी वी आर एस लागू कर दिया गया है और बाद में सीआरएस लागू किया जाएगा, खराब ग्रेडिंग के नाम पर परमानेंट मजदूरों कर्मचारियों को हटाया जाएगा यानी हर कीमत पर मजदूर कर्मचारी ठेका मजदूर को 2 साल के अंदर हटा दिया जाएगा।
इतना ही नहीं मोनेटाइजेशन पाईप लाईन नीति के तहत बीएसएल ब्राउनफिल्ड के अतिरिक्त जमीन को निजी पूंजीपतियों के हाथों बेचने को आमादा है। महासम्मेलन में कहा गया कि यह सब अचानक नहीं हो रहा है। 29 श्रम कानून को समाप्त कर चार लेबर कोड इसी काम के लिए लाया गया है अब प्रबंधन को चाहिए फिक्स टर्म का मजदूर, तनख्वाह के नाम पर फिक्स्ड राशि, ना महंगाई भत्ता, ना इंसेंटिव रिवॉर्ड, ना प्रमोशन, ना इंक्रीमेंट, ना शिक्षा, ना चिकित्सा मिलेगा, काम 12 घंटे करने होंगे, ना जुलूस ना प्रदर्शन, ना हड़ताल कर सकते हैं। ट्रेड यूनियन करने का अधिकार समाप्त, प्रबंधन-ठेकेदार के रहमो करम पर मजदूर रहेंगे। कुल मिलाकर स्थिति काफी भयावह हो चुकी है। इस महासम्मेलन ने मजदूरों को जगाने व उनके एकजुट होने को तैयार किया है। इस महासम्मेलन ने मजदूरों के विचार टटोलने के बहाने उनके अंदर आर-पार की लड़ाई का जज्बा भरा है और मजदूरों ने साफ कर दिया कि अब अगर मजदूरों के साथ अन्याय हुआ तो फिर मजदूर अंगड़ाई लेंगे। यह भी बता दिया गया कि मजदूरों ने जब जब अंगड़ाई ली है देश में क्रांति आई है।

Udan Live
Author: Udan Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai