

बोकारो। बोकारो के एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल में शिक्षक दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया और राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधकृष्णन को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। प्राचार्य फादर डा.जोशी वर्गीस ने पूर्व राष्ट्रपति डा.एस राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के मार्गदर्शक व प्रेरणा स्त्रोत होते हैं। वह विद्यार्थियों के जीवन को आकार देते हैं। विद्यार्थियों को सही व गलत के बीच का अंतर समझाते हैं। उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार व अनुशासन का पाठ पढ़ाते हैं। विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक की विशिष्ट शैली कठिन अवधारणा को भी जीवन भर की याद में बदल सकती है। जहां ज्ञान का दरवाजा खुलता है, वहां करुणा एक छात्र को उस दरवाजे के अंदर कदम रखने के लिए प्रेरित करती है। एक शिक्षक का व्यवहार किसी विषय के प्रति बच्चे के दृष्टिकोण को नया आकार दे सकती है। उसके सीखने की प्रक्रिया को आजीवन जुनून में बदल सकती है। प्राइमरी व सीनियर विंग के छात्रों ने नृत्य, गीत व नाट्य प्रस्तुति के जरिए अपने शिक्षकों के प्रति स्नेह प्रकट किया। उप प्राचार्य राखी बनर्जी व हेडमिस्ट्रेस सपना जोशी ने डा.एस राधाकृष्णन की जीवनी पर प्रकाश डाला। स्कूल प्रबंधन कमेटी के कोषाध्यक्ष पी ई ईप्पन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। शिक्षिका कंचन सिंह, सुनील, मीनाक्षी व उत्तर ने गीत व नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने दो अवधि के लिए कक्षा में जाकर शिक्षकों की भूमिका निभाई। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल संसाधनों व शिक्षार्थी केंद्रित रणनीति का उपयोग कर विद्यार्थियों को पढ़ाया। नियमित शिक्षकों ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। अंत में शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
