
धनबाद। ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) के एक प्रतिनिधिमंडल ने ो धनबाद मंडल रेल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. एम. टोपनो से मुलाकात कर रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की और रेलकर्मियों को दी जानेवाली सुविधा को बेहतर बनाने पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि धनबाद रेल मंडल अस्पताल में जिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उन विशेषज्ञ सेवाओं को रेल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए उपलब्ध कराया जाए, ताकि गंभीर एवं जटिल रोगों के उपचार के लिए उन्हें भटकना नहीं पड़ें।
बैठक में टाई-अप अस्पतालों में रेफरल की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने, रेफरल के दौरान कर्मचारियों को होने वाली कठिनाइयों को दूर करने तथा आवश्यकता के अनुसार बेहतर चिकित्सा संस्थानों में उपचार की सुविधा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
इसके अलावा अस्पताल में डॉक्टरों एवं दवा वितरण काउंटर पर अत्यधिक भीड़ की समस्या पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने भीड़ को नियंत्रित करने तथा मरीजों को समय पर चिकित्सा परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल की लैब के वर्तमान समय सुबह 9बजे से 11बजे तक होने का मुद्दा भी उठाया और इसे बढ़ाकर सुबह 9बजे से दोपहर 12 बजे तक करने की मांग की, ताकि अधिक से अधिक रेल कर्मचारी एवं उनके आश्रित आवश्यक जांच सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
ईसीआरकेयू प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि रेल कर्मचारियों की बेहतर स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है और अस्पताल से संबंधितसमस्याओं के समाधान के लिए यूनियन लगातार प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद जारी रखेगी। बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए. एम. टोपनो के समक्ष सभी मुद्दों को विस्तारपूर्वक रखा गया तथा कर्मचारियों के हित में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया। इस प्रतिनिधिमंडल में चमारी राम अजय कुमार तिवारी सोमेन दत्ता जितेंद्र कुमार साहू बीके साहू नीलकमल खवास प्रशांत बनर्जी मंटू सिन्हा चंद्रशेखर प्रसाद नेताजी सुभाष परमेश्वर कुमार कंचन दास अजय कुमार सिंह श्याम मोहन पंकज कुमार आदि सदस्य उपस्थित रहे।
