

उड़ान न्यूज ब्यूरो
धनबाद। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की पहल ने रेलवे कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। फेडरेेशन के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के निरंतर प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने अपने जारी किए गए आदेश आरबी संख्या 86/2026 के जरिए रेलकर्मियों को बड़ी राहत देने का ऐलान कर दिया है। अब कार्यरत एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मी सुविधा पास, सेवानिवृत्ति पास और विधवा पास पर पात्र यात्रा श्रेणी के ऊपर की श्रेणी में निर्धारित किराए का अंतर देकर राजधानी, शताब्दी,दुरंतो और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी अपनी पात्रता से उच्च श्रेणी में यात्रा कर सकेंगे। उन्हें यह सुविधा मिल गयी है।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) के महामंत्री कॉमरेड एस एन पी श्रीवास्तव ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के कारण इस सुविधा पर लगी रोक को एआईआरएफ के प्रयासों से हटाया गया है। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में प्रक्रिया शुरू करने के साथ साथ एचआरएमएस और पीआरएस में आवश्यक बदलाव के निर्देश भी जारी किए हैं।


एआईआरएफ में ईसीआरकेयू के जोनल सेक्रेटरी ओ पी शर्मा तथा ईसीआरकेयू धनबाद मंडल मिडिया प्रभारी एन के खवास ने इस उपलब्धि के प्रति ईसीआरकेयू के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव तथा एआईआरएफ के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही यह भी विश्वास जताया है कि रेलकर्मियों के लिए अलग से पर्याप्त संख्या में कन्फर्म बर्थ कोटा निर्धारित कराने की मांग को भी रेलवे बोर्ड से स्वीकृत कराया जाएगा।
