

बोकारो। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से आयोजित कनीय प्रबंधक आंतरिक पदोन्नति परीक्षा-2026 का परिणाम अब तक घोषित नहीं होने पर भाजपा नेता एवं भारतीय उद्योग मजदूर संघ के महामंत्री कुमार अमित ने गहरी चिंता व्यक्त की है और केन्द्रीय इस्पात मंत्री को पत्र लिखकर उनसे आग्रह किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप कर समुचित काररवाई करें।
श्री अमित ने पत्र में कहा कि उक्त परीक्षा के दो माह बीत जाने के बाद भी परिणाम घोषित नहीं होने से बोकारो सहित सेल के सभी संयंत्रों में कार्यरत लगभग आठ हजार परीक्षार्थी कर्मचारियों में असमंजस, अनिश्चितता और प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर मन में तरह तरह की शंका उत्पन्न हो रही है। यह आंतरिक पदोन्नति परीक्षा सीधे कर्मचारियों के कैरियर ग्रोथ, मनोबल और कार्य-प्रेरणा से जुड़ी है। इसके परिणाम नहीं घोषित होने से न केवल कर्मचारियों के पदोन्नति के अवसर प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि सेल की कार्यशैली, दक्षता, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
श्री अमित ने केन्द्रीय मंत्री से मांग की है कि परीक्षा परिणाम यथाशीघ्र घोषित कराया जाए, विलंब के तकनीकी/प्रशासनिक कारणों की समीक्षा हो, सफल अभ्यर्थियों की पदोन्नति की समय-सीमा स्पष्ट की जाए एवं आगे के लिए परीक्षा कैलेंडर पूर्व में हीं निर्धारित कर उसे गम्भीरता पूर्वक लागू किया जाए। कुमार अमित ने कहा कि सेल एक महारत्न कंपनी है और इसके कर्मचारियों का मनोबल ही कंपनी की उत्पादकता का आधार है।
