बोकारो स्टील का 169 आवासीय ब्लॉक डेनजरेस, जान जोखिम मे डाल रहने की मजबूरी

बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट की आवासीय कालोनी सेक्टर बारह ई के एक ब्लॉक के कई क्वार्टर के भरभराकर गिर पडने की घटना लापरवाही है, अनुरक्षण के प्रति बेपरवाही है या जान को दंाव पर लगाकर रहने की जिद का नतीजा इसको लेकर बहस तेज हो गयी है। सेक्टर बारह ई समेत सेक्टर बारह की आवासीय कालोनी का अधिकांश ब्लॉक जर्जर हो कर अब दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहा है। ऐसे ब्लॉक से जुडे़ क्वार्टरों का कभी छज्जा तो कभी सीढी और कभी अन्य हिस्सा भरभरा कर गिर रहे हैं और लोगों को आतंकित व तबाह करने लगे हैं। यहां रहना खतरनाक हो गया है फिर भी लोग अपनी जान की कीमत पर वे कंपनी के इन क्वार्टरों में रहकर मौत को दावत दे रहे हैं। आज ऐसी ही एक घटना हुई जब बारह ई में बोकारो स्टील प्लांट का तीन मंजिला ब्लॉक का क्वार्टर संख्या 1290 से 1296 तक के 6 आवास धाराशाई होकर जमींदोज हो गए। गनीमत रही की इसमें कोई जान का नुकसान नहीं हुआ। इस घटना के बाद उबले लोगों ने प्रबंधन पर अनुरक्षण में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए प्रबंधन के खिलाफ उबल पड़े हैं। लोग शुक्र मान रहे हैं कि इस घटना में केवल संपत्ति का नुकसान हुआ और जान बाल बाल बच गयी। इस घटना के बाद दहशत में पडे कई लोग उस ब्लॉक में फंस कर रह गये,जिन्हें किसी तरह नीचे सुरक्षित उतारा गया। प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए स्थानीय निवासियों ने कहा है कि पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है, लेकिन इससे सबक लेकर ठोस तरीके से मरम्मत व अनुरक्षण का काम करने की बजाय प्रबध्ंान ने केवल खानापूर्ति किया। नतीजतन सेक्टर बारह समेत कई सेक्टरों के हजारो क्वार्टर जर्जर हो गये हैं और उनमे ंरहना खतरनाक बन गया है। इस घटना से यह जग जाहिर हो चुका है कि सेक्टर बारह में क्वार्टरों के निर्माण मंे जमकर भ्रष्टाचार हुआ था। उनके रख रखाव व अनुरक्षण में भी घोर लापरवाहियां हुई है, जिसकी वजह से क्वार्टर अपनी उम्र के पहले ही रखरखाव व अनुरक्षण के अभाव मंे खतरनाक बनकर हादसों को न्यौता देने लगे हैं। इनमें रहनेवाले लोग भी अपनी जान की परवाह करने की बजाय खतरा का अहसास तो कर रहे हैं फिर भी उनके यहां रहने की मजबूरी उन्हें खतरे से खेलने को विवश कर रही है। आज की घटना की सूचना पाकर नगर सेवा के अधिकारी पहुंचे तो उन्हें यहां रहनेवाले लोगों के विरोध को झेलना पड़ा। लोगों का कहना है कि अगर यह ब्लॉक इतना ही जर्जर और खतरनाक बन गया था तो बीएसएल की ओर से इसे जर्जर घोषित कर यहां के लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट करने का उपाय क्यों नहीं किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2024 में इस ब्लॉक की मरम्मत बीएसएल द्वारा करवाई गई थी। लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल थूक पोलिस कर नगर सेवा के लोगों ने कमीशनखोरी की थी।
इधर प्रबंधन की मानें तो इस ब्लॉक को भी जर्जर बताकर यहां रहने वाले लोगों को शिफट करने की सलाह दी गयी थी। प्रभावित ब्लॉक में तीन क्वार्टर खाली थे जबकि तीन क्वार्टर में लाइसेंसधारी रह रहे थे। इसी ब्लॉक में पहले जुलाई 2026 में सीढ़ी गिरने की घटना हो चुकी थी, जिसके बाद नगर प्रशासन द्वारा ब्लॉक को असुरक्षित घोषित करते हुए तीनों लाइसेंस धारकों को सुरक्षित क्षेत्र में वैकल्पिक आवास को चुन वहां शिफ्ट हो जाने की सुविधा दी गई थी। इसका पालन करते हुए तीन में से एक लाइसेंसधारी ने कुछ दिन पहले वैकल्पिक आवास चुन कर ब्लॉक खाली भी कर दिया था, जबकि बाकी दो ने बार-बार नोटिस देने के बावजूद आवास खाली नहीं किया था।
इस घटना के बाद हरकत में आया बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन ने यह बताया है कि पहले भी बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर 12 एवं 6 के कुछ आवासों में कुछ हिस्सों के अचानक ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। आवास धारियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए बीएसएल प्रबंधन द्वारा एक समग्र सुरक्षा पहल के तहत प्रभावित सभी आवासीय ब्लॉकों एवं क्वार्टरों का चरणबद्ध स्ट्रक्चरल ऑडिट एनबीसीसी के माध्यम से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना के विशेषज्ञों से कराया गया था। प्रथम चरण में एनआईटी पटना के विशेषज्ञों के व्यापक निरीक्षण के उपरांत कुल 169 आवासीय ब्लॉकों को निवास हेतु असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। नगर प्रशासन द्वारा जारी परिपत्र के माध्यम से इन ब्लॉकों में रह रहे आवास धारकों को सुरक्षित क्वार्टरों में स्थानांतरित करने की पहल की जा चुकी है। इन 169 घोषित ब्लॉकों के अलावा भी विभिन्न सेक्टरों में अन्य ऐसे असुरक्षित ब्लॉकों का चरणबद्ध ऑडिट कर चिह्नित किया जा रहा है।
यहाँ यह बताना भी आवश्यक है कि ऐसे सभी असुरक्षित घोषित ब्लॉक के आवासधारियों को सुरक्षित आवास में शिफ्ट कराने हेतु बीएसएल प्रबंधन द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस दिया गया है। इसके अलावा अख़बारों के माध्यम से भी कई बार इस बाबत सार्वजनिक सूचना दी गई, प्रभावित आवासों में नोटिस चिपकाये गए और व्यक्तिगत लीगल नोटिस भी जारी किये गए, यहाँ तक कि एन आई टी पटना के विशेषज्ञों के साथ प्रभावित समूहों का सीधा जन-संवाद भी करवाया गया ताकि स्थिति की गंभीरता को समझाया जा सके। बीएसएल की इन पहलों के बावजूद आवासधारी इन असुरक्षित आवासों से हटने को मना करते रहे हैं और असुरक्षित आवासों में ही निवास कर रहे हैं जो बेहद चिंताजनक और खेद की बात है।
