Edition

[gtranslate]
Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

ग्रैंडपेरेंट्स डे पर यादों का खूबसूरत उत्सव


बोकारो।सेंट मैरीज़ नर्सरी स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, प्रेम और भावपूर्ण वातावरण में किया गया। विशेष रूप से प्री-नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों के दादा-दादी एवं नाना-नानी को आमंत्रित कर यह दिन उनके स्नेह, अनुभव और परिवार में उनके अमूल्य योगदान को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रैंडपेरेंट्स के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। प्रवेश के पश्चात आयोजित थंब प्रिंटिंग हार्ट्स ऑफ़ लव गतिविधि ने सभी का मन मोह लिया। दादा-दादी एवं नाना-नानी ने अपने पोते-पोतियों के साथ अंगूठे के निशान से हृदय का सुंदर आकार बनाया। इस अनूठी गतिविधि ने पीढ़ियों के बीच प्रेम के बंधन को एक खूबसूरत रूप दिया और सभी ग्रैंडपेरेंट्स के चेहरे खुशी से खिल उठे। दादा-दादी एवं नाना-नानी ने अपने नन्हे पोते-पोतियों के साथ यादगार तस्वीरें सेल्फी पॉइंट पर खिंचवाईं।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्री-नर्सरी के नन्हे सितारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीता। बच्चों की मासूम प्रस्तुति ने ग्रैंडपेरेंट्स को भावुक कर दिया और वातावरण तालियों एवं स्नेह से भर उठा।

कार्यक्रम को और भी मनोरंजक बनाने के लिए ग्रैंडपेरेंट्स के लिए पासिंग द बॉल खेल का आयोजन किया गया। संगीत के साथ गेंद एक-दूसरे को पास करते हुए जैसे ही संगीत रुकता, गेंद जिसके पास होती, उनसे उनके पोते-पोतियों से जुड़े रोचक प्रश्न पूछे जाते। ग्रैंडपेरेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बेहद प्यारे और आत्मविश्वासपूर्ण उत्तर दिए तथा इस खेल का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और हृदयस्पर्शी क्षण तब आया, जब प्री-नर्सरी के बच्चों ने अपने नन्हे हाथों से बनाए हुए सुंदर कार्ड अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी को भेंट किए। कार्ड स्वीकार करते समय ग्रैंडपेरेंट्स की आंखों में खुशी और भावनाओं की चमक साफ दिखाई दी। यह क्षण प्रेम, कृतज्ञता और पीढ़ियों के अटूट रिश्ते का सुंदर प्रतीक बन गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य रेव. फादर डीनू एम. डेनियल ने ग्रैंडपेरेंट्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रैंडपेरेंट्स परिवार की जड़ होते हैं। उनके प्रेम, अनुभव, आशीर्वाद और संस्कारों के बिना परिवार की पूर्णता अधूरी है। उन्होंने कहा कि दादा-दादी एवं नाना-नानी बच्चों के जीवन में प्रेम और संस्कारों की वह विरासत देते हैं, जो पीढ़ियों को जोड़ती है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रैंडपेरेंट्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। कई ग्रैंडपेरेंट्स ने भावुक होकर कहा कि लगभग 37, 38 और 40 वर्षों के बाद वे पहली बार किसी विद्यालय में इस तरह बैठकर अपने स्कूल के दिनों की यादों को महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सेंट मैरीज़ नर्सरी स्कूल के इस आत्मीय प्रयास के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि जिस सम्मान, आदर और अपनत्व के साथ उन्हें आमंत्रित कर सम्मानित किया गया, वह उनके लिए अत्यंत विशेष अनुभव रहा।

उन्होंने विद्यालय की इस सोच की विशेष सराहना की कि ग्रैंडपेरेंट्स केवल परिवार के वरिष्ठ सदस्य नहीं, बल्कि बच्चों की जड़ों और संस्कारों का आधार हैं। आज के समय में जब बच्चों के जीवन से कई पारंपरिक रिश्तों, अनुभवों और मूल्यों का जुड़ाव धीरे-धीरे कम होता जा रहा है, ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों को सम्मान देते हुए, उनके अनुभवों और आशीर्वाद को साथ लेकर ही आने वाली पीढ़ी को बेहतर दिशा दी जा सकती है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ।

ग्रैंडपेरेंट्स डे ने यह संदेश दिया कि दादा-दादी और नाना-नानी केवल परिवार के बड़े सदस्य नहीं, बल्कि बच्चों के प्रेम, संस्कार, अनुभव और खुशियों की अनमोल धरोहर हैं। सेंट मैरीज़ नर्सरी स्कूल का यह आयोजन पीढ़ियों के बीच प्रेम, सम्मान और जुड़ाव को मजबूत करने तथा बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ने वाली एक यादगार पहल बन गया।

Udan Live
Author: Udan Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Buzz4 Ai