गोमिया। विडंबना ही तो है या कि परिवार की खुशहाली और बेहतर भविष्य का सपना लेकर मुंबई में होटल में मजदूरी करने गए गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी निवासी हीरालाल नायक न तो परिवार को खुशी दे सका और ना ही अपना भविष्य बना सका। उसे मौत ने अपनी आगोश में ले लिया और परिवार की खुशहाली का सपना उसके सीने में ही दफन होकर रह गया। मुंबई के जे जे अस्पताल में उसकी मौत इलाज के दौरान हो गयी। परिवार वाले इंतजार कर रहे थे कि हीरालाल खूब सारा धन लेकर आयेगा, फिर उनके बल्ले बलले होंगे। लेकिन ऐसा होने की बजाय उसकी मोत की मनहूस खबर आयी और गांव में मातम पसर गया। परिजनों के बीच रोना पीटना मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, होटल मालिक से पैसों को लेकर विवाद के बाद हीरालाल घायल अवस्था में रेलवे पुलिस को मिले थे। इसी गंभीर हालत में उन्हें मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 13 दिनों तक जीवन मौत के बीच जूझते रहे हीरालाल जिंदगी का जंग हार गया। हीरालाल नायक अपने पीछे पत्नी अनीता देवी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी अंशिका करीब साढ़े तीन वर्ष और छोटी बेटी कीर्तिका करीब डेढ़ वर्ष की है। जिस उम्र में दोनों बेटियों को पिता की उंगली थामकर चलना और उनकी गोद में खेलना था, उस उम्र में ही उनके सिर से पिता का साया उठ गया।
हीरालाल की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के सामने भावनात्मक पीड़ा के साथ-साथ आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। प्रवासी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले हीरालाल के निधन के बाद पत्नी और दोनों छोटी बेटियों के भविष्य को लेकर परिजन चिंतित हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा देकर शव को वापस घर लाने की कवायद शुरू कर दी है।

परिजनों ने होटल मालिक से पैसों को लेकर विवाद और उसके बाद हीरालाल के घायल अवस्था में मिलने की घटना को लेकर सवाल उठाए हैं और इस मामले की जांच करने व काररवाई करने की मांग की है। शोकाकुल परिवार ने सरकार और संबंधित प्रशासन से आर्थिक सहायता, आवश्यक कानूनी सहयोग तथा शव को सम्मानपूर्वक पैतृक गांव पहुंचाने में हरसंभव मदद की अपील की है। साथ ही घटना की निष्पक्ष जांच कर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई है। हीरालाल नायक की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूरों और उनके परिवारों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। सवाल यह भी है कि झारखंड से रोजी रोजगार यहां तक कि होटल की मामूली नौकरी तक के लिए लोगों को पलायन कर बाहर जाने की जरूरत क्यों पड़ रही है। झारख्ंाड के लोग कब तक अपने पेट पालने के लिए बाहर की रूख करते रहेंगे। झारखंड बनने के बाद भी उनको राज्य का लाभ मिलने की बजाय बाहर जाकर उनके भाग्य में मरना ही क्यों लिखा है। क्यां झारखंड इसी के लिए बना था कि लोग मामूली नौकरी के लिए बाहर पलायन कर खतरा से खेलते रहे। सवाल भेदता है। लेकिन सत्ता शीर्ष में बैठे लोगों को शायद गरीबों के दर्द से क्या मतलब। उनके तो बल्ले बल्ले हैं ही।
