
बोकारो। इंडिया पोस्ट वित्तीय सुरक्षा व सरकारी योजनाओं के प्रति लोगो को जागरूक कर रहा है ताकि उनका वित्तीय प्रबंध सुरक्षित हो सके और उनका निवेश पूरी तरह से सुरक्षित रहे जिससे वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। इसी क्रम में बोकारो के सेंट मैरीज़ नर्सरी स्कूल में इंडिया पोस्ट के धनबाद डिवीजन के सहयोग सेएक विशेष स्टाफ वेल-बीइंग एवं वित्तीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित किया गया। उद्देश्य स्टाफ सदस्यों को उनके भविष्य की वित्तीय सुरक्षा एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक और सुरक्षित करना था।
इसका नेतृत्व किया सेंट मैरीज़ नर्सरी स्कूल के प्रिंसिपल रेव. फादर डिनू एम. डेनियल ने। कार्यक्रम में अनूप कुमार, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट, वेस्ट बोकारो डिवीजन तथा राम दास कपूर, मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव, हेड पोस्ट ऑफिस, बोकारो ने अपनी ओर से जानकारी साझा की।
कार्यशाला के दौरान पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस , रूरल पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस सहित इंडिया पोस्ट द्वारा उपलब्ध विभिन्न वित्तीय योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्टाफ सदस्यों को इन योजनाओं के लाभ, सुरक्षा, रिटर्न, पात्रता तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी समझाया गया, ताकि वे अपने भविष्य के लिए बेहतर वित्तीय योजना बना सकें।कार्यशाला में इस बात पर भी प्रकाश डाला गया कि सरकार द्वारा संचालित ऐसी योजनाओं की जानकारी को लोगों तक पहुँचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सेवाओं को आमजन के और करीब लाया जा रहा है। विद्यालय का मानना है कि स्टाफ का कल्याण केवल कार्यस्थल तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके भविष्य की सुरक्षा और वित्तीय जागरूकता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। बच्चों की शिक्षा एवं समग्र विकास के साथ-साथ विद्यालय अपने स्टाफ के कल्याण और विकास को भी समान महत्व देता है।
