

बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस में क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ की आम सभा में बोकारो मैनेजमेंट को पूरी तरह से मजदूर विरोधी करार दिया गया और चेतावनी के लहजे मं बता दिया गया कि प्रबंधन ने अपना रवैया नहीे बदला तो फिर खामियाजा भी भुगतने के लिए उसे तैयार रहना चाहिए। एचएमएस से संबद्ध क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ के तत्वावधान में ठेका मजदूरों की इस विशाल आम सभा को सबंाधित करते हुए संघ के महामंत्री सह सदस्य एनजेसीएस राजेन्द्र सिंह गरत रहे थे और साफ तौर से कह रहे थे कि आज सेल बोकारो प्रबंधन पूरी तरह से मजदूर विरोधी हो चुका है। चाहे नियमित मजदूर हो या ठेका मजदूर, सभी का शोषण किया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि सहायक श्रमायुक्त के स्पष्ट निर्देश के बावजूद आज तक ब्लास्ट फर्नेस नंबर-1 में तीन मजदूरों का गेट पास नहीं बनाया गया है। प्रबंधन की मंशा साफ है-जो मजदूर पैसा वापस (कट मनी) करेगा उसका गेट पास बनेगा और जो कट मनी वापस नहीं करेगा उसे छँटनी की आड़ में धीरे-धीरे बाहर कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि जहाँ मजदूर एकताबद्ध हैं और यूनियन के साथ हैं, वहाँ किसी भी प्रकार की छँटनी लागू नहीं हुई है। कोक-ओवन, ब्लास्ट फर्नेस और यातायात विभाग में आज भी यूनियन के नेतृत्व में बिना किसी छँटनी के पुराने मजदूर सम्मान के साथ काम पर हैं। एकता की शक्ति का ही परिणाम है कि कोक-ओवन में छँटनी तो दूर, न्यूनतम वेतन के अतिरिक्त 8 फीसदी इंसेंटिव भी मिलता है। श्री सिंह ने मजदूरों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिया कि यूनियन आपके लिए आखिरी दम तक लड़ाई लड़ेगी। हमारे सामने स्किल्ड मजदूरों का परिवार सहित इलाज, समयबद्ध ग्रेड प्रमोशन, अवैध छँटनी, ब्लास्ट फर्नेस में बेतहाशा डस्ट जैसी अनेकों गंभीर समस्याएँ हैं। यूनियन का रोडमैप तैयार है, कमर कस लीजिये, अब आर-पार की लड़ाई होगी।सभा को श्री सिंह के अलावा आर.के. सिंह, शशिभूषण, संतोष कुमार, बासुदेव कुंभार, प्रमोद कुमार,अरूण भगत, शंकर विश्वकर्मा,देवेन्द्र कुमार आदि ने भी संबोधित किया।
