पर्यावरण संरक्षण को समर्पित पद्मश्री दुखु माझी से शिष्टाचार भेंट
पुरूलिया।
धनबाद के समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाघमुंडी स्थित आवास पर पद्मश्री सम्मानित पर्यावरण कार्यकर्ता एवं ‘गाछ दादू’ के नाम से विख्यात दुखु माझी से शिष्टाचार भेंट कर आभार जताया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उनके दीर्घकालीन एवं अनुकरणीय पर्यावरण संरक्षण योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए फलदार पौधे, वस्त्र, तीन माह का राशन, नगद राशि एवं दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्री भेंट की।
उल्लेखनीय है कि श्री दुखु माझी ने पिछले लगभग पाँच दशकों में हजारों वृक्षों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके इस समर्पणपूर्ण कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा वर्ष 2024 में उन्हें पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया गया था।प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। प्रतिनिधिमंडल में नीलकमल खवास ने , रोबिन चटर्जी, अजय चौधरी, गजेंद्र सिंह, अमित कुमार, रवि कौशल सिन्हा, सुमित अग्रवाल, स्मराजित घोष, दिलीप कुमार चौधरी, संदीप कुमार घोष,तपन कुमार चक्रवर्ती आदि शामिल थे।यह सभी सदस्य धनबाद स्थित ‘केयर एंड सर्व समाज सेवा संस्था’ से जुड़े हुए हैं।
