सिल्वर जोन अंतरराष्ट्रीय इंग्लिश व कंप्यूटर ओलंपियाड में एमजीएम बोकारो ने लहराया परचम
बोकारो। बोकारो के एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल के विद्यार्थियों ने सिल्वर जोन इंटरनेशनल इंग्लिश ओलंपियाड एवं इंटरनेशनल कंप्यूटर ओलंपियाड में सफलता का परचम लहराया। ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन से विद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।
स्कूल के प्राचार्य फादर डा.जोशी वर्गीस ने कहा कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ओलंपियाड परीक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की अंग्रेज़ी भाषा में दक्षता, संप्रेषण क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच एवं कंप्यूटर एवं कोडिंग संबंधी तार्किक कौशल का विकास करना है। अंतरराष्ट्रीय इंग्लिश ओलंपियाड में कक्षा छह की तन्मय दत्ता, कक्षा सातवीं की आराध्या, कक्षा आठवीं की अहाना शांडिल्य, कक्षा नौंवी के चिराग राज, कक्षा दसवीं की तन्वी एवं कक्षा बारहवीं की एंजेल शेलेसिया ने स्वर्ण पदक हासिल किए। कक्षा छह की वैभवी, कक्षा सातवीं के अयान महतो, कक्षा आठवीं की बिदिशा, कक्षा नौंवी के शाहिद अंसारी एवं कक्षा दसवीं की श्रेया रानी ने रजत पदक हासिल किए। इसी प्रकार कक्षा छह के अर्णव शर्मा, कक्षा आठवीं के हर्ष राज, कक्षा नौंवी के प्रियांशु राज व कक्षा दसवीं के राज शेखर ने कांस्य पदक प्राप्त किए। अंतरराष्ट्रीय कंप्यूटर ओलंपियाड में कक्षा दसवीं के योगेश कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने अंग्रेज़ी एवं कंप्यूटर विभाग के शिक्षकों व अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हमारे विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थी सफलता की राह पर आगे बढ़ रहे हैं। यह उपलब्धि स्कूल के गौरवशाली इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है। अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है कि वे शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त करें।
