नेशनल मैंगो डे का आयोजन बच्चों को भर गया उत्साह से 
बोकारो। नेशनल मैंगो डे बड़े उत्साह एवं आनंद के साथ सेंट मेरीज़ नर्सरी स्कूल में मनाया गया। इस अवसर पर प्री-नर्सरी, नर्सरी एवं प्रेप कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षक मैंगो थीम परिधान पहनकर विद्यालय पहुँचे और पूरे परिसर को आम की रंगत एवं खुशियों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेप वर्ग के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। सभा के दौरान बच्चों ने आम के रंग, सुगंध, विभिन्न किस्मों, उससे बनने वाले उत्पादों तथा उसके पोषण संबंधी महत्व के बारे में रोचक जानकारी प्राप्त की। साथ ही बच्चों को पेड़ों के संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रेवरेंड फादर डीनू एम. डैनियल ने बच्चों को संबोधित करते हुए आम के पौष्टिक गुणों, स्वास्थ्य के लिए उसकी उपयोगिता तथा फलों के महत्व के बारे में सरल एवं प्रेरणादायक शब्दों में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को प्रकृति से प्रेम करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया।
दिनभर कक्षाओं में बच्चों ने अपने-अपने टिफिन में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट आम लाकर उनका आनंद लिया। शिक्षकों ने आम से जुड़ी अनेक मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को और भी रोचक एवं यादगार बनाया।
रंग-बिरंगे परिधानों, उत्साहपूर्ण सहभागिता और रचनात्मक गतिविधियों से भरपूर नेशनल मैंगो डे का यह आयोजन बच्चों के लिए ज्ञान, आनंद और नई सीख का एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
