
बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट में हाइड्रोलिक ऑयल के संरक्षण तथा इसकी खपत में कमी लाने को लेकर ‘हाइड्रोलिक ऑयल संरक्षण’ विषय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन के टेक्निकल सेल विभाग ने किया। कार्यक्रम में संयंत्र के 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
बोकारो स्टील प्लांट के टेक्निकल सेल के मुख्य महाप्रबंधक ने ‘हाइड्रोलिक ऑयल संरक्षण’ विषय पर अपने संबोधन में विस्तृत जानकारी दी और संयंत्र में हाइड्रोलिक ऑयल की खपत को कम करने की आवश्यकता तथा इसके संरक्षण की दिशा में उपलब्ध विभिन्न संभावनाओं पर प्रकाश डाला। प्रस्तुति के दौरान ऑयल लॉस के विभिन्न कारणों, उनकी पहचान व निदान,उचित रिकॉर्डिंग, हाइड्रोलिक सिस्टम के नियमित निरीक्षण एवं समुचित रखरखाव, ऑयल लॉस को कम करने के प्रभावी उपायों तथा हाइड्रोलिक ऑयल में कंटैमिनेशन नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की गई। प्रस्तुति में हाइड्रोलिक ऑयल के नुकसान से होने वाले आर्थिक प्रभावों के साथ-साथ इससे जुड़े पर्यावरणीय, सुरक्षा एवं अग्नि जोखिमों को भी रेखांकित किया गया। सत्र को इंटरैक्टिव रखते हुए प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया तथा विभिन्न तकनीकी विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान हाइड्रोलिक ऑयल के प्रमुख उपभोक्ता विभागों हॉट स्ट्रिप मिल, कोल्ड रोलिंग मिल, स्टील मेल्टिंग शॉप, तथा कंटीन्यूअस कास्टिंग शॉप द्वारा सितंबर 2026 के अंत तक ताजा हाइड्रोलिक ऑयल की खपत में न्यूनतम 20 प्रतिशत कमी लाने के लिए अपने-अपने रोडमैप प्रस्तुत किए गए।
इन रोडमैप में ऑयल संरक्षण के लिए विभागवार प्रस्तावित उपायों तथा निर्धारित लक्ष्यों को रेखांकित किया गया। टेक्निकल सेल विभाग द्वारा प्रतिभागियों के लिए हाइड्रोलिक ऑयल संरक्षण से संबंधित विषयों पर एक तकनीकी क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में हाइड्रोलिक ऑयल संरक्षण के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विभाग, स्टील मेल्टिंग शॉप-न्यू, के मुख्य महाप्रबंधक को अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा रनिंग शील्ड प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने बोकारो स्टील के कर्मचारियों के बीच ऑयल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में टेक्निकल सेल विभाग द्वारा की गई इस पहल की सराहना की। उन्होंने हाइड्रोलिक ऑयल के संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सभी विभागों से समन्वित एवं सतत प्रयासों के माध्यम से ऑयल लॉस को न्यूनतम करने तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने का आह्वान किया।यह आयोजन हाइड्रोलिक ऑयल की खपत को कम करने के लिए प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी रोडमैप तैयार करने तथा संयंत्र के विभिन्न विभागों के संरक्षण संबंधी प्रयासों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
