

बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने तथा हिंदी को कार्यालयीन कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों को और गति प्रदान करने के संकल्प के साथ हिन्दी पखवारा की शुरूआत हुई।
बोकारो इस्पात संयंत्र में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए 14 सितंबर से राजभाषा पखवाड़ा की शुरूआत की गयी। इस अवसर पर संपर्क एवं प्रशासन विभाग के राजभाषा अनुभाग द्वारा अधिशासी निदेशक (संकार्य) के सेमिनार हॉल में हिंदी अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ हुई बैठक में महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) ए के सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए राजभाषा पखवाड़ा के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। तत्पश्चात राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी तथा स्पात राज्य मंत्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा के संदेशों का वाचन किया गया। अपने संदेशों के माध्यम से मंत्रियों ने राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सभी को प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी एवं अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त भी मौजूद थे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बोकारो इस्पात संयंत्र में 14 से 28 सितंबर 2026 तक राजभाषा पखवाड़ा मनाया जायेगा। इस दौरान संयंत्र के अधिशासियों एवं अनधिशासियों के बीच हिंदी के प्रति रुचि एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
