


कार्यशैली, मनमानी और बिन मेवा नहीं होगी सेवा की तेज थी चर्चा
उड़ान न्यूज़ ब्यूरो
बोकारो। अंचल अधिकारी की अपनी कार्यशैली, तथाकथित मनमानी और मेवा दो सेवा लो की तथाकथित गिव एंड टेक नीति की वजह से कुख्यात होते जा रहे चास अंचल कार्यालय के मौजूदा अंचलाधिकारी सेवा राम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मनमानी भरी कार्यशैली और विवादों की वजह से शुरू से ही चर्चा और विवाद में रहे चास के अंचल अधिकारी सेवा राम साहू पर गाज गिरने का आदेश जारी कर दिया गया है और इस आदेश के बाद तत्काल प्रभाव से वे अब नप गए हैं। भ्रष्टाचार की शिकायत, आम लोगों से उनके व्यवहार और हाल ही में बिजुलिया की एक जमीन के रास्ते को लेकर कार्यालय में युवकों के साथ दुर्व्यवहार के उनसे जुडे़ वीडियो के साथ-साथ वायरल किसी ऑडियो वीडियो के मामले को सरकार ने गंभीरता से लिया और फिर झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय रांची कर दिया है। चास अंचल के अंचल अधिकारी के रूप में सेवाराम साहू शुरू से ही विवादों में रहने की चर्चा होती रही है। इनकी कार्य शैली को लेकर लोगों में असंतोष था। जो जानकारी मिली है कि जेवीवीएनएल के किसी आनंद कुमार के साथ उनकी बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें लेन देन की आपत्तिजनक बात की गयी थी। इसके अलावा हाल ही में अंचल कार्यालय में रास्ते का सवाल लेकर गए युवकों का संकट समाप्त कर रास्ता निकालने की बजाय उन्हें ही रास्ते पर लाने के लिए अंचल अधिकारी ने अपने कार्यालय से युवकों को धक्का देकर चैंबर से बाहर का रास्ता दिखाया और इससे भी संतोष नहीे हुआ तो फिर पुलिस बुलाकर युवकों को थाने का रास्ता दिखा दिया था। कार्यालय के सीसीटीवी में यह पूरा प्रकरण कैद हुआ था। तब से यह यह मामला भी चर्चा में रहा था और गंभीर हुआ था। इसको लेकर चास अंचल के अंचल अधिकारी का व्यवहार और अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठा था। इसके अलावा भ्रष्टाचार का मामला भी गरम हो रहा था और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र जारी करने में भी अंचल अधिकारी पर मनमानी करने का आरोप लगाया गया था। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने उनके सस्पेंशन को लेकर चल रही चर्चा की पुष्टि करते हुए उड़ान लाइव को बताया है की अंचल अधिकारी सस्पेंड कर दिए गए हैं। चास अंचल कार्यालय में एक 200 साल पुराने सार्वजनिक रास्ते (गैरमजरुआ जमीन) के विवाद को लेकर ग्रामीणों और सीओ के बीच दफ्तर के अंदर भारी हंगामा, धक्का-मुक्की और बहस हुई थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। ग्रामीणों का आरोप था कि जमीन गैरमजरुआ होने के बावजूद अंचल कार्यालय ने एक्शन लेने की वजाय पीड़ितों को और पीड़ित किया और जब अपने अधिकार की बात उठाकर युवक अंचल अधिकारी के सामने डटे रहे तो फिर उनका पारा गरम हो गया और हंगामा की स्थिति बन गई थी। अंचल अधिकारी के नप जाने के बाद उनकी जगह पर अभी किसी की पोस्टिंग नहीं हुई है। बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने उड़ान लाइव से चास अंचल अधिकारी सेवाराम साहू के खिलाफ की गई निलंबन की कार्रवाई की पुष्टि की है।
