

उड़ान न्यूज ब्यूरो
बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट के तीन कर्मचारियों ने झारखंड स्टेट क्लासिक बेंच प्रेस एवं डेडलिफ्ट चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक हासिल कर बोकारो को गौरवान्वित किया है। प्रतियोगिता में बीएसएल के एसएमएस-न्यू विभाग के सहायक महाप्रबंधक हिट्टम कुमार हांसदा, इंस्ट्रूमेंटेशन एवं ऑटोमेशन विभाग की सहायक महाप्रबंधक शिल्पा टोप्पो तथा ब्लास्ट फर्नेस विभाग के इंजीनियरिंग एसोसिएट मन्नान अली ने अपने-अपने भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से दो स्वर्ण, एक रजत एवं दो कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का परिचय दिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई किया। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता के लिए अपने विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं बीएसएल प्रबंधन के निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त किया।
एसएमएस-न्यू विभाग में कार्यरत सहायक महाप्रबंधक हिट्टम कुमार हांसदा ने मास्टर वर्ग के 93 किलोग्राम भार वर्ग में डेडलिफ्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा बेंच प्रेस स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इंस्ट्रूमेंटेशन एवं ऑटोमेशन विभाग की सहायक महाप्रबंधक शिल्पा टोप्पो ने 69 किलोग्राम भार वर्ग की बेंच प्रेस स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पिछले एक वर्ष से पीठ एवं घुटने की समस्याओं से जूझने के बावजूद उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर खेल के क्षेत्र में शानदार वापसी की। ब्लास्ट फर्नेस विभाग में इंजीनियरिंग एसोसिएट के पद पर कार्यरत मन्नान अली ने ओपन वर्ग के 83 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बेंच प्रेस स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा डेडलिफ्ट स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। बोकारो स्टील प्लांट देश के औद्योगिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ अपने कर्मचारियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। खेलकूद के क्षेत्र में कर्मचारियों की ऐसी उपलब्धियां इस बात को रेखांकित करती हैं कि बीएसएल के कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र के साथ-साथ खेल के मैदान में भी उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।
