
बोकारो। बोकारो स्टील प्लांट अपने उत्पाद की गुणवत्ता, ग्राहकों को समय पर उनकी सप्लाई और हर मानक पर पूरी तरह से खड़ा उतरने का भरोसा दिया है और ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपनी पूरी तरह प्रतिबद्धता दोहरायी है। बोकारो में आयोजित दो दिवसीय ग्राहक सम्मेलन में देशभर से आए बीएसएल के प्रमुख कस्टमर भाग ले रहे हैं। इस सम्मेलन के दौरान बोकारो स्टील प्लंाट ने लंबे समय से बोकारो के उत्पादों पर भरोसा करने के लिए ग्राहकों का आभार जताया और ग्राहकांे को आश्वस्त किया की कारखाना अपने प्रोडक्ट को और बेहतर करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है और इसी के लिए सेल एवं बीएसएल अपनी उत्पादन क्षमता के व्यापक विस्तार करने में लगे हें ताकि बाजार की बदलती एवं उभरती जरूरतों को पूर्ण किया जा सके और ग्राहको को उनकी मांग के अनुरूप प्रोडक्ट दिया जा सके। कस्टमर मीट में विश्वास व्यक्त किया गया की सेल व बोकारो स्टील प्लंाट का यह विस्तार ग्राहकों को बेहतर उत्पाद, अधिक उपलब्धता तथा उन्नत सेवाएं प्रदान करने में सहायक होगा।
बोकारो इस्पात संयंत्र के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रारंभ हुए दो दिवसीय कस्टमर मीट में बीएसएल के निदेशक प्रभारी, सेल के निदेशक (वाणिज्य) टी. एन. नटराजन, सेल एवं बीएसएल के अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक तथा बीएसएल एवं केंद्रीय विपणन संगठन (सीएमओ) के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
उद्घाटन सत्र में वरिष्ठ अधिकारियों ने ग्राहकों द्वारा बोकारो इस्पात संयंत्र के साथ लंबे समय से जुड़े रहने के लिए आभार जाहिर करते हुए गुणवत्ता, समयबद्ध आपूर्ति तथा अन्य सभी प्रमुख मानकों के संदर्भ में ग्राहकों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिवद्धता दोहरायी। अधिकारियों ने उपस्थित ग्राहकों को बताया कि सेल एवं बीएसएल अपनी उत्पादन क्षमता के व्यापक विस्तार की दिशा में अग्रसर हैं तथा बाजार की बदलती एवं उभरती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार हैं। अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि कस्टमर मीट का कार्यक्रम ग्राहकों को बीएसएल की टीम के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करने, अपने सुझाव एवं फीडबैक साझा करने तथा पारस्परिक हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करने का अवसर है।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा तैयार मॉडलों की एक प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी के माध्यम से ग्राहकों को संयंत्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया तथा विभिन्न विभागों की भूमिका एवं योगदान की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर सम्मेलन में भाग लेने आए ग्राहकों ने बीएसएल की प्रमुख उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया तथा इस्पात निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं को देखा।
दो दिवसीय ग्राहक सम्मेलन में ग्राहकों तथा सेल एवं बीएसएल के अधिकारियों के मध्य एक विशेष संवाद सत्र होगा, जिसमें व्यवसाय, उत्पाद गुणवत्ता, आपूर्ति व्यवस्था तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
