- 0 एम जी एम हायर सेकंडरी स्कूल में अभिभावक परिचय सत्र आयोजित

0 सीबीएसई बोर्ड के बदलाव की दी गई जानकारी
बोकारो। एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल में अभिभावक परिचय सत्र का प्राचार्य फादर डा.जोशी वर्गीस ने शुभारंभ करते हुए कहा कि आज के समय में नई शिक्षा नीति के तहत बड़े-बड़े बदलाव किए गए हैं। अभिभावकों को इसे जानना एवं समझना चाहिए। आज के बदलते परिवेश में अभिभावक को बच्चों के साथ दोस्ताना व्यवहार कर उनकी पढ़ाई-लिखाई में मदद करनी चाहिए। अभिभावकों को बच्चों पर उनके अनुसार विषयों को चुनने का दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का अवसर देना चाहिए। विषय विशेषज्ञों ने सीबीएसई दसवीं की परीक्षा में बदलाव के विषय में अभिभावकों को विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान की।यह भी कहा गया कि नई शिक्षा नीति के तहत किए गए बदलाव रटने की आदत खत्म करने के लिए किए गए हैं। दसवीं बोर्ड की परीक्षा वर्ष में दो बार होगी। पहली बार फरवरी से मार्च 2027 तक एवं दूसरी बार मई से जून तक दसवीं की बोर्ड परीक्षा होगी। दोनों परीक्षाएं फुल सिलेबस से संबंधित रहेंगी। फेज दो की परीक्षा देना जरूरी नहीं है। जो बच्चे स्कोर सुधारना चाहते हैं, वे तीन सब्जेक्ट तक दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। फाइनल मार्कशीट में बेस्ट स्कोर को ही जोड़ा जाएगा। कहा कि जरूरी बात यह है कि फेज एक की परीक्षा में प्रत्येक विद्यार्थियों का शामिल होना अनिवार्य है। विद्यार्थी प्रथम चरण की परीक्षा में तीन या अधिक विषय में अनुपस्थित रहे, तो फेज दो की परीक्षा नहीं दे सकेंगे। प्रश्न पत्र में प्रश्नों का पैटर्न भी बदल गया है। नई शिक्षा नीति के तहत 50 प्रतिशत सवाल अब बच्चों की क्षमता पर आधारित होंगे। 20 प्रतिशत एमसीक्यू एवं 30 प्रतिशत लघु उत्तरीय एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। इसलिए अब सिर्फ याद करके लिखने से काम नहीं चलेगा। स्कूल में विद्यार्थियों की 75 प्रतिशत हाजिरी अनिवार्य है। बच्चों के स्वास्थ्य व खान-पान, बच्चों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ाव एवं उनकी सहायता करने में शिक्षक- शिक्षिका के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। मौके पर उप प्राचार्य राखी बनर्जी ,हेडमिस्ट्रेस सपना जोशी, शिक्षिका ममता कुमारी, संगीता सिंह, चंदा कुमारी के अलावा शिक्षक, शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे।
