
बोकारो की अग्रणी सामाजिक व सांस्कृतिक संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद् की इकाई मिथिला महिला समिति द्वारा आयोजित सावन महोत्सव का उदघाटन मुख्य अतिथि भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी व बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा की धर्मपत्नी डॉ प्रतिमा झा, मिथिला महिला समिति की अध्यक्ष पूनम मिश्रा, सचिव आभा झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर संयुक्त रूप से किया। यह आयोजन मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल के विद्यापति सभागार में किया गया था। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ प्रतिमा झा ने सभी को सावन महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यूं तो भारतीय संस्कृति में सावन का महीना धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता ही है, लेकिन मिथिलांचल में सावन मास का खास महत्व है। भगवान शिव की आराधना, प्रकृति के उत्सव के साथ ही नवविवाहित स्त्रीगण बहुत ही श्रद्धा व उल्लास के साथ मधुश्रावणी पर्व मनाती हैं। डॉ प्रतिमा झा ने कहा कि मिथिला महिला समिति के इस कार्यक्रम में आकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने में समिति का जो योगदान ह ैवह सराहनीय व प्रशंसनीय है।
इस अवसर पर संगीत-नृत्य के साथ ही विविध प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत महाकवि विद्यापति रचित भगवती वंदना जय जय भैरवि असुर भयाउनि… के सुमधुर गायन से हुई। इसके बाद समिति की सदस्यों ने सावन पर आधारित मैथिली गीतों व नृत्य की मनोहारी प्रस्तुति से सभी को आनंदित किया। सावन मिलन कार्यक्रम में आयोजित सिया सुंदरी प्रतियोगिता में पूनम झा (शैव्या) ने प्रथम, बीना झा ने द्वितीय व विनीता राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। डाला सजाओ प्रतियोगिता में ऋतु मिश्रा को प्रथम, बीनू चौधरी को द्वितीय व सीमा झा को तृतीय स्थान मिला। बेस्ट डांसर का पुरस्कार प्रीति प्रिया को मिला जबकि बेस्ट पर्सनेलिटी का पुरस्कार मीरा रॉय को मिला। प्रतियोगिताओं की जज के रूप में पूनम झा उपस्थित रहीं। मिथिला महिला समिति की अध्यक्ष पूनम मिश्रा ने कहा कि समिति द्वारा समय-समय पर मिथिला की संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। साथ ही समाज उत्थान व गरीबों के सहायतार्थ कार्यक्रम भी चलाये जाते हैं। कार्यक्रम में मंच संचालन बबिता झा ने किया। इस अवसर पर शीला मिश्रा, किरण मिश्रा, नमिता झा, रुबी ठाकुर, आशा झा, इंदिरा झा, जयंती पाठक, चंदा झा, लीला झा, आशा पाठक, डॉ मंजु झा, ऋतु मिश्रा, अर्पणा झा, प्रेरणा ओझा, रंजना भगत, अलका झा, राज कुमारी झा, सविता मिश्रा आदि उपस्थित थीं।
