

बोकारो। बोकारो में तालाब की सड़क है या तालाब में सड़क यह तय कर पाना आमलोगों के लिए मुश्किल भरा साबित हो रहा है इस हाल में लोग चुटकी लेकर कहते हैं कि यहां ना तो सड़क में तालाब है और ना ही तालाब में सडक है, बल्कि यहां तालाबांे की सड़क है। और यह करिश्मा कर दिखाया है बोकारो के पीडब्ल्यूडी सड़क ,रोड कन्स्ट्रशन डिवीजन के काबिल इंजीनियरों ने। इनके काम की सराहना जिला प्रशासन ने भी की है। लेकिन किसी के पास इसका जवाब नहीं है कि सडक में जगह जगह तालाब कैसे उभर आया। यह कोई दैविय प्रकोप है या फिर पथ निर्माण विभाग का करिश्मा की सडक मंे बने गडडे भरे गये, तो वे तालाब बनकर उभर आए और जल जंगल जमीन की अवधारणा से जुड़े झारखंड जो पानी के लिए हाहाकार कर रहा है , बेहाल हो रहा है, लोगांे का भ्रम तोड़ता है कि झारखंड में पानी का अभाव है। जहां सडक के बीच में तालाब हो और वह भी पानी से बिलकुल लबालब भरा हुआ तो हो, वहां कोई पानी की कमी का रोना रोए तो उसे सहजता से स्वीकार कैसे किया जा सकता है।
बोकारो की दो सडक चर्चा में है। चर्चा इसलिए नहीं कि सडक है, लोग उस पर चलते हैं, अपने गंतव्य को जाते हैं और सडक की बदौलत अपने जीवन को रफतार देते है। बल्कि चर्चा इसके लिए ज्यादा हो रही है कि पथ निर्माण विभाग महानगरों मंे बनी बड़ी बड़ी सोसायटी की तर्ज पर स्वीमिंग पुल सडक पर ही बनवा रहा है ताकि उस राह से गुजरनेवाले सडक में बन आए बड़े बड़े गड्डों में चलते चलते और वाहन हांकते हिचकोलें खाकर थक जाएं तो सड़क में पथ निर्माण विभाग की कृपा से बने स्वीमिंग पुल में स्नान कर अपनी थकान मिटा सकें और आह से आहा कर सकें।
वैसे इसे करिश्मा ही कह सकते हैं कि सड़क में उग आए गड्डांे कोे जब पथ निर्माण विभाग लाखों रूपया खर्च कर भरता है ताकि आमलोगों को राहत मिल सके और सड़क से उनका आना जाना सुरक्षित व सुगम हो सके तो, वे गडडे सरकारी कोष का पैसा पीकर या यू कहिए की सुड़क कर और बड़ा हो जाते हैं, बताते हैं कि उन्हें भरने के नाम पर सरकार का जो धन खर्च किया गया। आरोप लगाया जा रहा कि उसका बड़ा हिस्सा गटक कर विभाग के हाकिमों ने अपना पेट भर लिया। उनके पेट भरने के बाद सडक के गड्डों को भरने का नाटक किया गया और थूक पालिस कर बता दिया गया कि सड़क की रिपेयरिंग हो गयी है। अब लोगों को उस पर चलने में आसानी होगी। उनकी यात्रा सुरक्षित हो जायेगी। विभाग ने अपने काम का डंका पीटकर उसकी डंका बजाने के लिए सरकार के प्रचार विभाग जन संपर्क को बता दिया और सरकार के प्रचार विभाग ने पथ निर्माण विभाग के काम को उल्लेखनीय व शानदार बताकर प्रेस रिलीज जारी करते हुए विभाग के काम की खूब तारीफ करा दी। लेकिन ऐसा करने में विभाग ने अपनी एक खासियत को बताना छोड़ दिया कि वह आमलोगों को सड़क पर ही स्वीमिंग पुल की सुविधा दे रहा है ताकि वे सडक पर ही स्नान कर अपने जीवन को धन्य कर सकें।
लेकिन कहा गया हैं ना, कि इंसान नहीं बोलता, विभाग नहीं बोलता। और अगर बोले भी,अपनी पीठ थपथपाने लगे तो उस पर विश्वास भी नहीं जमता। बोलता है, तो उसका संस्कार और उसका काम बोलता है। विभाग ने तालाब बनवा दिया बीच सडक पर और विभाग अपना प्रचार करना भूल गया तो उसके काम को बताने के लिए लोग सड़क पर बन आए तालाब में स्नान कर, उसके काम दिखाने लगे, आमलोगों को विभाग का चमत्कार बताने लगे और विभाग के वैसे लोगों के कारनामे को उजागर करने लगे जो काम करने तो आए सड़के के गड्डों को भरने का, इसके नाम पर भारी भरकम राशि भी बहायी और आरोप है कि गडडा से ज्यादा ख्ुाद का पेट भर गये।
तो इन दिनों बोकारो जिले की दो करिश्माई सडक चर्चा मंे है। एक सड़क है नया मोड़ से स्टील गेट मंसा सिंह गेट जानेवाली सड़क और दूसरी सड़क है जैनामोड़ फुसरों सड़क। नया मोड़ से बोकारो स्टील प्लांट के स्टील गेट जानेवाली सड़क बोकारो स्टील की है। इसकी देखरेख बोकारो स्टील प्लंाट के जिम्मे है। इस सड़क के ओवरब्रिज के नीचें हर साल तालाब से भी ज्यादा गहरा जलजमाव होता है। रोजाना हजारों की संख्या मंे इस राह से मजदूर गुजरते हैं। इस राह से आने जाने वाली गाड़ियां भी डूबती उतरातीं पार होतीं हैं और लोगों का जीवन हलकान होता है। बोकारो मैनेजमेंट ने जब इस राह का संज्ञान नहीं लिया तो फिर भाजपा सड़क पर उतर आई। ठेहुने भर पानी में सड़क पर उतर कर धानरोपनी कर अपना विरोध जताते हुए प्रबंधन को चेतावनी दे गयी कि अगर प्रबंधन ने इस संकट को दूर करने का काम नहीं किया तो फिर सड़क पर उतर कर प्रबंधन की नींद तोड़ने मंे वह कोई कसर नहीं छोडे़गी। हाथ में तिरंगा व भाजपा का झंडा लेकर नारे लगाते हुए भाजपा के लोग आक्रोश भी जता रहे थे, गुस्सा भी दिखा रहे थे और प्रबध्ंान पर गुर्रा भी रहे थे। अपने इस आंदोलन के बहाने उन्होंने सबका ध्यान खींचा और अपनी समस्या से लोगों को अवगत कराया।
अब बात सड़क में तालाब या तालाब में सड़क की। माफ कीजियेगा तालाबों की सड़क की। उसे दिखाने के लिए एक युवक ने अनोखा नजारा पेश किया। इसने गड्डों को भरकर अपनी पीठ थपथपानेवाले तंत्र को सरेआम नंगा किया है। खुटरी ठाकुरटांड़ गांव के समीप जमा गंदे और कीचड़युक्त बारिश के पानी में आजसू पार्टी किसान मोर्चा के संगठन सचिव बजरंगी सिंह ने मस्ती से स्नान किया। उसके विरोध जताने के इस अंदाज ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और पथ निर्माण विभाग को खूब पानी पानी किया। सडक के बीच तालाब बने गड्डे में जमा पानी में उतरकर बजरंगी सिंह का इस कदर स्नान करना पीडब्ल्यूडी पथ निर्माण विभाग तथा जन जनप्रतिनिधियों को जहां आईना दिखा गया वहीं जिला प्रशासन तक सडक की सच्चाई पहुंचा गया। अपने अनोखे अंदाज से बजरंगी ने जो प्रदर्शन किया उसे देखने के लिए लोग रूक गये और अपना मौन समर्थन दे गयें कि उनके लिए सड़क उनको राहत देने की बजाय आहत कर रही है।
युवक ने अपने विरोध के अनोखे तरीके के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि जब सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और वह तालाब का रूप ले चुकी है, तो विभाग को यह बताना चाहिए कि यह सडक है या तालाब और यह विषय पथ निर्माण विभाग का है या जल संसाधन विभाग का है। युवक का यह अनोखा विरोध प्रदर्शन अब चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि सड़क की ऐसी हालत के बावजूद विभाग कब जागेगा और कब इस समस्या का स्थायी समाधान होगा ?
