


बोकारो। बोकारो जनरल अस्पताल द्वारा अंग एवं नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘जुग जुग जियो’ अभियान चलाया गया। इसके तहत जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है ताकि लोगों को अंग व नेत्रदान के प्रति जागरूक किया जा सके और उनको इस काम के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।। भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अंगदान जागरूकता के अंतर्गत आयोजित यह अभियान राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा का हिस्सा है।
अभियान के माध्यम से लोगों को अंग एवं नेत्रदान के महत्व की जानकारी देने के साथ-साथ इससे जुड़ी विभिन्न सामाजिक भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विशेष रूप से कॉर्निया दान के महत्व पर जोर देते हुए लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। नेत्रदान के माध्यम से कॉर्नियल अंधत्व से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई रोशनी लाई जा सकती है।
दो सितंबर को बीजीएच परिसर से अंग एवं नेत्रदान जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें बीजीएच के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को अंग एवं नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक करने, इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने तथा नागरिकों को दानदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बीजीएच की ओर से कहा गया कि अंगदान महज एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन का एक नया अवसर प्रदान करने का माध्यम है। इसी प्रकार, नेत्रदान किसी व्यक्ति के जीवन में दृष्टि का उजाला वापस लाने का एक अनमोल मानवीय प्रयास है। एक व्यक्ति के अंगदान से कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है, जबकि नेत्रदान के माध्यम से दृष्टिहीन व्यक्ति की दुनिया रोशन हो सकती है।
