बोकारो। गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गंूंजें और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल का बन गया। गणेश चतुर्थी के अवसर पर बहादुरपुर सहित आसपास के इलाकों में भगवान गणेश की पूजा-अर्चना बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ की गई। जगह-जगह आकर्षक पंडालों का निर्माण कर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है।
बहादुरपुर स्थित सिद्धिविनायक क्लब की ओर से भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि तीन दिवसीय गणपति महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान जागरण सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, विसर्जन के दिन आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
गणेश महोत्सव के दौरान सिद्धिविनायक क्लब के पंडाल और भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमा को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में लड्डू का वितरण भी किया गया।
इसी तरह बॉधडीह गणपति नगर में भी गणेश पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यहां भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बादल मंडल ने बताया कि गणपति नगर में पिछले करीब 15 वर्षों से गणेश पूजा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विशेष रूप से विसर्जन के दिन आकर्षक एवं नई झांकियों की प्रस्तुति के साथ गणपति बप्पा को विदाई दी जाती है। गणेश पूजा के कारण पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और उनकी पूजा से जीवन में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की जाती है। गणपति महोत्सव के आयोजन से पूरा क्षेत्र “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंज उठा है।
