
उड़ान न्यूज ब्यूरो
बोकारो। एमजीएम हायर सेकेंड्री स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में उन छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने केंद्रीय विद्यालय नंबर एक में भारत विकास परिषद् उत्तर शाखा की ओर से आयोजित भारत को जानो प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता मं अपनी कामयाबी का परचम लहराया था। एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर चार के प्राचार्य फादर डा.जोशी वर्गीस ने कहा कि उक्त प्रतियोगिता में जूनियर व सीनियर वर्ग में एमजीएम स्कूल की टीम अव्वल रही। इस प्रतियोगिता में जिले के 15 विद्यालयों में भाग लिया था। प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में स्कूल के कक्षा दसवीं के अर्णव राज व कक्षा नौवीं के तेजस्वी राज ने प्रश्नों का सटीक उत्तर देकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में कक्षा आठवीं के एकलव्य व कक्षा आठवीं की प्रीति रानी ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही स्कूल की टीम के विजेता विद्यार्थियों ने नवंबर माह में होने वाले भारत को जानो जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगी गतिविधियों से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का प्रयास किया जाता है। इसका सकारात्मक नतीजा सामने आ रहा है। शिक्षकों की देखरेख में विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिता में सफलता का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य राखी बनर्जी, हेडमिस्ट्रेस सपना जोशी, शिक्षक, शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे।


