
उड़ान लाईव ब्यूरो
बोकारो। राजभाषा का प्रभावी कार्यान्वयन केवल एक औपचारिक दायित्व नहीं, बल्कि कार्य-संस्कृति का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। यह मानना है बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी प्रियरंजन का। बोकारो स्टील प्लंाट में मनाए जा रहे राजभाषा पक्ष के समापन समारोह को संबोधित करते हुए डायरेक्टर इंचार्ज ने सभी से अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में सरल एवं सहज हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम मंगलम बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया था। निदेशक प्रभारी ने हिन्दी को संपर्क भाषा के रूप में अपनाने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक, अन्य वरीय अधिकारी तथा विभिन्न हिन्दी प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बोकारो स्टील प्लांट के महाप्रबंधक (सम्पर्क एवं प्रशासन) ए के सिंह ने उपस्थित अतिथियों को स्वागत किया। उन्होंने इस राजभाषा पखवाड़ा-2026 के आयोजित किए गए विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए संयंत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
समारोह के दौरान राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने वाले विभिन्न विभागों को प्रशस्ति फलक एवं ट्रॉफियों से सम्मानित किया गया। यातायात विभाग को निदेशक प्रभारी चल वैजयन्ती ट्रॉफी, जल प्रबंधन विभाग को स्वर्गीय शंकर दयाल सिंह ट्रॉफी तथा मानव संसाधन,ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग को अध्यक्षीय चल वैजयन्ती ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विभागीय वर्ग में कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग, मानव संसाधन विभाग तथा एसीवीएस विभाग को प्रशस्ति ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राजभाषा पखवाड़ा-2026 के दौरान कर्मचारियों में हिन्दी के प्रति रुचि, उत्साह एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न हिन्दी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें हिन्दी निबंध, कविता, नारा लेखन, कहानी लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं। संकार्य एवं गैर-संकार्य वर्गों के साथ-साथ हिन्दी एवं हिन्दीत्तर भाषी वर्गों के लिए आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राजभाषा पखवाड़ा-2026 ने कर्मचारियों में हिन्दी के प्रति उत्साह को और बढ़ाने के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग के प्रति प्रतिबद्धता को भी सुदृढ़ किया।
