एमजीएम स्कूल में युवा राजनयिकों का दिखा उत्साह


बोकारो। बोकारो में ईस्टर्न यूथ डप्लोमेसी समिट का आयोजन यहां एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। दो दिवसीय इस समिट के मुख्य अतिथि बोकारो के पुलिस उपाधीक्षक यातायात अजय प्रसाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कूटनीति व समझौते के जरिए अंतरराष्ट्रीय संबंध को मजबूत बनाया जा सकता है। यह देश की विदेश नीति का प्रमुख साधन है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय हित की रक्षा करना व देशों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है। उन्होंने युवा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ समसामयिक एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा व बहस करने की सलाह दी। स्कूल के प्राचार्य फादर डा.जोशी वर्गीस ने कूटनीति की चर्चा करते हुए कहा कि यह काफी मायने रखती है। इसकी बदौलत युद्ध टालने व विवाद का शांतिपूर्ण समाधान तलाशने की कोशिश संभव हो पाती है। उनकी मानें तो देश के आर्थिक, सामाजिक व रणनीतिक हित को वैश्विक स्तर पर सुरक्षित रखने में भी इसकी अपनी भूमिका होती है जो बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि विविध गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को तराशने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को युवा नेतृत्व, कूटनीति व वैश्विक विषयों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उप प्राचार्या राखी बनर्जी ने कहा कि इस कार्यक्रम भाग लेना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परिणाम चाहे जो भी हो, सहभागिता और सीखने का अनुभव सबसे मूल्यवान है। विभिन्न स्थानों से आए 250 युवा प्रतिभागी कूटनीति,वाद-विवाद, वार्ता, तार्किक चिंतन आदि गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। फार द यूथ, ड्रिवेन बाय यूथ की प्रेरणादायक भावना के साथ विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों एवं पदों का प्रतिनिधित्व करते हुए संरचित बहस, वार्ता एवं विचार-विमर्श में लें रहे हैं। इसके जरिए छात्र मसौदे व प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया से परिचित होंगे। विभिन्न सत्रों एवं संवादात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने नेतृत्व क्षमता, कूटनीतिक सोच, सहयोग की भावना, आत्मविश्वास एवं जिम्मेदार वैश्विक नागरिकता विकसित करने आदि पर चर्चा की। मौके पर हेड मिस्ट्रेस सपना जोशी, कार्यक्रम प्रभारीबिंसी मधुर, राबिन मल्लिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे।
