रोटरी क्लब ने करायी ट्रक चालकों की स्वास्थ्य एवं एचआईवी जांच

बोकारो। स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी संपत्ति है और इसकी देखभाल नियमित तरीके से की जानी चाहिए ताकि कुछ भी गड़बड होने पर उसका पता लगाकर निदान कराया जा सके। इसी मकसद से रोटरी क्लब चास ने लोहामंडी दीवानगंज में एक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया।
चास के लोहा मंडी परिसर में आयोजित इस शिविर में ट्रक चालकों, सह-चालकों एवं कर्मचारियों के लिए के लिए निःशुल्क एचआईवी जांच एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच करायी गयी। शिविर का उद्देश्य ट्रक चालकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था। शिविर में वन स्टॉप सेंटर संस्था ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संस्था की टीम ने एचआईवी जांच एवं जागरूकता संबंधी जानकारी दी, वहीं चिकित्सकों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां दी गई और उनका आभा कार्ड भी बनाया गया। रोटरी क्लब चास के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना रोटरी का प्रमुख उद्देश्य है। ट्रक चालक देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की देखभाल अत्यंत आवश्यक है। क्लब के सचिव विनोद चोपड़ा ने वन स्टॉप संस्था, चिकित्सकों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी रोटरी क्लब चास इसी प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता रहेगा। शिविर में 73 ट्रक चालकों-परिचालकों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया एवं उनके बीच कंडोम का वितरण किया गया। सबने इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर सहायक जिला पाल पूजा बैद, कार्यक्रम सयोंजक सिद्धार्थ पारख, संजय बैद,कुमार अमरदीप, धनेश बंका,पूर्वी केजरीवाल, आरती पारख, दीपक झांझरिया, प्रकाश केजरीवाल, सिद्धार्थ डे, विजय अग्रवाल, नीरज सिंह,प्रदीप पी.पुरिया और वन स्टॉप सेंटर के विकास कुमार मिश्रा, दुर्गा कुमारी अमृता दास, रंजय कुमार डे, विक्रम कुमार महतो के आदि उपस्थित रहे।
