एक रूपये में बाबा गौरीनाथ का पूजन, दर्शन
युवा लायंस फोर्स हर साल भक्तों को कराती है पूजा दर्शन
बोकारो। शिवभक्तों को बाबा गौरीनाथ जी के दर्शन का लाभ इस साल भी महज एक रूपये में मिलेगा। हर साल की भाँति इस वर्ष भी एक रुपया में भक्तों को पूजा अर्चना कराने का ऐलान किया है युवा लायंस फोर्स के केन्द्रीय अध्यक्ष देव शर्मा ने। यहां केन्द्रीय कमेटी की एक महत्वूपर्ण बैठक हुई तो उसमें तय हुआ की इस बार भी एक रूपया में युवा लायंस फोर्स शिवभक्तों को बाबा गौरीनाथ धाम की यात्रा व पूजन अर्चन करायेगी।
युवा लायंस फोर्स की केंद्रीय कमेटी बोदरो स्थित आवासीय कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता अलकुशा पंचायत के मुखिया रोहित रजक एवं संचालन रंजित शर्मा ने किया। इसमें मुख्य रूप से युवा लायंस फोर्स के केंद्रीय अध्यक्ष सह काँग्रेस नेता देव शर्मा मौजूद थे। श्री शर्मा ने कहा कि प्रत्येक साल की भांति इस साल भी युवा लायंस फोर्स द्वारा बोल बम के जत्थे को 9 अगस्त को रवाना किया जायेगा। नौ अगस्त रविवार के दिन इस यात्रा में शामिल होनेवाले श्रद्धालु अपनी जेब से एक रूपये मात्र खर्च करेंगे और श्रद्धालुओं को पोशाक , गमछा कांवर के अलावा गाड़ी, चिकित्सा , फल , मिठाई समेत अन्य कई तरह की खाने पीने की सुविधा प्रदान कर पूजा के लिए रवाना किया जायेंगा। श्री शर्मा ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से युवा लायंस फोर्स अपनी ओर से ऐसी ही यात्रा आयोजित कर रही है। उनकी मानें तो इस सेवा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के असहाय और दूर दराज के लोगों की स्थिति को देखते हुए किया गया था। जो पैसे के अभाव में भगवान शंकर जी के दर्शन नहीं कर पाते थे।, उन्होंने बताया कि इस बार हमारा कार्यक्रम बंगला सावन के अंतिम सोमवारी पे बहुत ही धूमधाम से होता , लेकिन चास के समाजसेवी , और डाक बम सेवा समिति को पूरे देश में एक अलग पहचान दिलाने वाले शिवभक्त अजय राय जी का असमय निधन हो जाने से इस कार्यक्रम को इस बार नौ अगस्त रविवार को किया जा रहा है। इस बार शोभा यात्रा स्थगित कर दी गयी है। सभी शिवभक्तों को उनके पोशाक, कांवर आदि एक दिन पहले उनके घरों तक हमारे संगठन द्वारा पहुँचा दिया जाएगा। पहली बार कांड्रा के समीप विशाल सेवा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमे मुख्य रूप से बोकारो ही नहीं पूरे झारखंड के मशहूर कलाकार सुदेश सिंह मौजूद रहेंगे। जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बनेगा। कैंप के साथ साथ श्रद्धालुओं को वाहन सेवा भी सुलभ होगी। पूर्व की भाँति ही सभी जरूरत की चीज उपलब्ध कराई जाएगी। फिर शिव भक्तों को पूजा करने के बाद गाड़ी से लाने का भी काम किया जाएगा , भीड़ भाड़ क्षेत्रों में जहाँ कार नहीं पहुँच पाती थी इसके लिए इस बार बाइक सेवा दल का भी गठन किया गया है , जो दामोदर नदी से गौरीनाथ धाम तक भ्रमण करेंगे तथा जरूरतमंद शिवभक्तों को सेवा भी प्रदान करेंगे।मौके पर युवा लायंस फोर्स के दर्जनो नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


