

उड़ान न्यूज ब्यूरो
बोकारो। साइबर सुरक्षा एवं साइबर हाइजीन पर केन्द्रित जागरूकता
कार्यक्रम व प्रशिक्षण से बोकारो स्टील प्लांट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सतर्कता, सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदार कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने की एक सार्थक कोशिश की गयी। बीएसएल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 तथा तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत यह जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। बोकारो स्टील प्लांट के अधिशासी निदेशक (संकार्य) के सेमिनार हॉल में सतर्कता विभाग द्वारा सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम को ‘साइबर सुरक्षा एवं साइबर हाइजीन’ विषय पर केन्द्रित कर व्यापक जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक (संकार्य) सहित वर्क्स डिवीजन के प्रमुख अधिकारी तथा सतर्कता विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। सत्र में कुल 61 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की बढ़ती प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए अधिकारियों से साइबर खतरों के प्रति सदैव सजग एवं सतर्क रहने तथा डिजिटल संसाधनों का सुरक्षित, जिम्मेदार एवं विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान सीएंडआईटी विभाग की वरीय प्रबंधक एवं उप प्रबंधक द्वारा साइबर सुरक्षा से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रस्तुतियों के माध्यम से बीएसएल में लागू साइबर सुरक्षा व्यवस्था, साइबर हाइजीन की आवश्यक प्रक्रियाओं तथा डिजिटल खतरों से बचाव के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों एवं सर्वाेत्तम कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को दैनिक कार्यप्रणाली के दौरान एंटरप्राइज डेटा की सुरक्षा, संवेदनशील सूचनाओं के संरक्षण तथा साइबर खतरों से बचाव के लिए आवश्यक प्रोटोकॉल एवं व्यावहारिक उपायों से भी अवगत कराया गया।


इसी क्रम में मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में महिला अधिकारियों के लिए सेवा अनुबंधों से संबंधित दो दिवसीय निवारक सतर्कता प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की कुल 24 महिला अधिकारियों ने भाग लिया। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ज्यूडिशियस एस्टिमेट प्रिपरेशन, अनुबंध निष्पादन के दौरान कॉन्ट्रैक्ट लेबर से संबंधित वैधानिक अनुपालन एवं दस्तावेजीकरण तथा पेनल्टी क्लॉसेस एवं उनके एनफोर्समेंट मैकेनिज्म जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को सेवा अनुबंधों से संबंधित प्रक्रियाओं में संभावित जोखिमों की पहचान, उचित एवं समयबद्ध दस्तावेजीकरण तथा निवारक उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम में केस स्टडी सत्र, प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुतियाँ एवं इंटरैक्टिव सत्र को भी शामिल किया गया है, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक कार्य परिस्थितियों में निवारक सतर्कता के विभिन्न पहलुओं को समझने और उनका विश्लेषण करने का अवसर मिल रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य अधिकारियों में सहयोगात्मक अधिगम, विश्लेषणात्मक सोच एवं सतर्क कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा संगठनात्मक प्रक्रियाओं में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी निवारक उपायों की पहचान एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना है। इन पहलों के माध्यम से बीएसएल में सतर्कता को केवल एक अनुपालन प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए इसे संगठनात्मक कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

